रामपुर बुशहर। शिमला स्थित लॉयन्स क्लब ने रक्तदान सेवा परिवार सोसायटी रामपुर को एंबुलेंस भेंट की है। रक्तदान सोसायटी ने लॉयन्स क्लब शिमला के सदस्यों से दो माह पूर्व खनेरी अस्पताल में मुलाकात की थी और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य की उपस्थिति में दस स्ट्रेचर भी भेंट किए थे। रक्तदान सेवा परिवार ने खनेरी अस्पताल में सोसायटी की ओर से रामपुर क्षेत्र में किए जा रहे सामाजिक कार्यों से क्लब के पदाधिकारियों को अवगत करवाया था। रामपुर क्षेत्र में एंबुलेंस सेवा कम होने के बारे में जानकारी दी गई थी, जिसे लॉयन्स क्लब शिमला के पदाधिकारियों ने गंभीरता से सुना और रक्तदान सेवा परिवार सोसायटी को एक एंबुलेंस देने का वादा किया था। सोसायटी के अध्यक्ष नीतीश भारती ने बताया की सोसायटी के पास एक ही एंबुलेंस मौजूद थी और मरीजों को प्रदेश और प्रदेश से बाहर ले जाने में एक और एंबुलेंस की जरूरत थी, जिसकी कमी को लॉयन्स क्लब शिमला ने पूरा किया रक्तदान सोसायटी ने लॉयन्स क्लब शिमला के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण वैध, उप प्रधान ओपी मेहता, मनमोहन वर्मा, केआर शर्मा, कर्म चंद शर्मा, अनिल सूद, प्रदीप सूद, देवेंद्र मेहता और संजीव खन्ना का आभार प्रकट किया है।