ठियोग (रामपुर बुशहर)।
रोटरी क्लब ठियोग ने सिविल अस्पताल ठियोग में रक्तदान शिविर लगाया। शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए 110 यूनिट रक्त जुटाया। रोटरी क्लब ठियोग का यह 13वां रक्तदान शिविर था। शिविर का शुभारंभ मुख्यातिथि इंदू चौहान ने किया। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके इस पुनीत कार्य के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में रक्तदाताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। शिविर में आईजीएमसी शिमला के डॉ. विपाशा ब्यास और उनकी टीम ने सहयोग दिया। रोटरी क्लब ठियोग के अध्यक्ष संजय सूद ने बताया कि रक्तदान शिविर में सबसे अधिक सहभागिता युवाओं की रही। विशेष रूप से स्थानीय ठियोग डिग्री कॉलेज और आईटीआई के विद्यार्थियों ने शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। रक्तदान शिविर में तहसीलदार वरुण गुलाटी, बीडीओ मोहित सिंह, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष विवेक थापर सहित अन्य मौजूद रहे।