कोटखाई में एसडीएम की अध्यक्षता में ब्लॉक टीबी फोरम की बैठक
विशेष टीबी स्क्रीनिंग में दो नए मरीजाें की हुई पहचान
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत कोटखाई में ब्लॉक टीबी फोरम की बैठक एसडीएम अभिषेक बरवाल की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में हुई। बैठक में खंड चिकित्सा अधिकारी बीएमओ डॉ. संजय आनंद ने बताया कि जुब्बल-कोटखाई विकास खंड की कुल जनसंख्या 81,559 है, जबकि संवेदनशील (वल्नरेबल) आबादी 20,230 है। उन्होंने बताया कि ब्लॉक की कुल 51 ग्राम पंचायतों में से जुब्बल-कोटखाई ब्लॉक की 24 पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया जा चुका है। बैठक के दौरान बताया गया कि टीबी मुक्त भारत अभियान 2.0 के अंतर्गत विशेष टीबी स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किए गए, जिनमें लगभग 1,100 एक्सरे किए गए। अभियान के दौरान दो नए टीबी मरीजों की पहचान भी हुई। एसडीएम अभिषेक बरवाल ने सभी विभागों तथा आम जनता से टीबी उन्मूलन अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि टीबी को जड़ से समाप्त करने के लिए सभी विभागों के सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) गतिविधियां एसटीएस कोटखाई प्रवीण तथा कमल (सीसी) की ओर से संचालित की जा रही हैं। बीएमओ डॉ. संजय आनंद ने स्वास्थ्य कर्मियों और संबंधित विभागों को अधिक से अधिक संदिग्ध मरीजों की बलगम जांच (स्पुटम एग्जामिनेशन) के लिए रेफरल बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि टीबी के मामलों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जा सके।