रविंद्र पैलेस और विकास ठाकुर चुने मैन ऑफ द मैच
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर के पाटबंगला मैदान में अविनाश मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता चल रही है। रविवार को ब्लैक बॉयज स्पोर्ट्स क्लब और साई अकादमी ने अगले दौर में प्रवेश पाया। पहला मैच ब्लैक बॉयज स्पोर्ट्स क्लब रामपुर और हाई राइडर किन्नौर के मध्य खेला गया। ब्लैक बॉयज स्पोर्ट्स क्लब रामपुर ने पहले खेलते हुए निर्धारित 15 ओवर में आठ विकेट खोकर 142 रन बनाए। कप्तान रविंद्र पैलेस ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 30 गेंदों में पांच छक्के और पांच चौकों की मदद से 60 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हाई राइडर किन्नौर की टीम ने नौ विकेट गंवाकर 125 रन बनाए। टीम ने 17 रन से जीत हासिल कर अगले दौर में प्रवेश पाया। रविंद्र पैलेस को मैन ऑफ द मैच के खिताब से सम्मानित किया गया। दूसरा मैच साई अकादमी दत्तनगर और बॉल बेशर्स के बीच खेला गया, साई अकादमी ने पहले खेलते हुए 15 ओवर में सात विकेट खोकर 142 रन बनाए। विपक्षी टीम नौ विकेट गंवाकर 94 रन ही बना पाई। विकास ठाकुर की घातक गेंदबाजी के आगे कोई भी बल्लेबाज टिक न पाए। विकास ने तीन ओवर में 18 रन खर्च कर चार विकेट चटकाए। उन्हें मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। ब्लैक बॉयज स्पोर्ट्स क्लब रामपुर की ओर से लेदर बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।