. कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ाने और केंद्र की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का किया आह्वान
. भाजपा का पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर हुए संपन्न
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। भाजपा मंडल आनी ने दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर पंचायत समिति हॉल में लगाया। शिविर में कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती का पाठ पढ़ाया। कुल सात सत्र आयोजित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा प्रदेश सचिव एवं जिला सह प्रभारी प्रियंता शर्मा ने किया, जबकि समापन पर आनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक लोकेंद्र कुमार मौजूद रहे। प्रशिक्षण शिविर के दौरान संगठन के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक ढांचे, बूथ स्तर पर कार्य विस्तार और केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि आनी क्षेत्र में भाजपा के कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ाई जाए और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाए। इसके अलावा कार्यकर्ताओं को अनुशासन, समर्पण और जनसेवा की भावना के साथ पार्टी के कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने का आह्वान भी किया गया। कार्यशाला में भाजपा मंडल के सभी पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष, महामंत्री, ग्राम केंद्रों के अध्यक्ष, जिला और प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य शामिल हुए। दो दिन तक चले इस प्रशिक्षण शिविर में संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के विषय पर व्यापक चर्चा की गई। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता अमर ठाकुर, भाजपा मंडल अध्यक्ष वेद ठाकुर, महामंत्री सुरेंद्र ठाकुर, महामंत्री देवेंद्र ठाकुर, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष दूनी चंद, अनंत राम, महिला मोर्चा अध्यक्ष लता देवी, श्याम ठाकुर, भजन लाल, जीपू राम वर्मा, देवेंद्र शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।
आनी में भाजपा के दो दिवसीय कार्यशाला में मौजूद पदाधिकारी और कार्यकर्ता। स्रोत : भाजपा