रामपुर में प्रेसवार्ता करते भाजपा मंडल के पदाधिकारी। संवाद
आपदा के दो महीने बाद भी 15/20 क्षेत्र के हजारों लोग मूलभूत सुविधाओं से वंचित
भाजपा ने समस्याओं को लेकर प्रदेश सरकार पर जमकर साधा निशाना
कहा-दो माह से गानवी खड्ड में कलवर्ट तक नहीं लगा पा रहा लोक निर्माण विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल की दुर्गम घाटी 15/20 में अव्यवस्थाओं का आलम है। आपदा के दो माह बाद भी जनजीवन पटरी पर नहीं लौट पा रहा है। कूट, क्याव, जगोरी और गानवी पंचायतों के हजारों लोग मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। भाजपा नेता कौल सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि सरकार के उदासीन रवैये से ग्रामीणों की परेशानी बरकरार है। उन्होंने कहा कि चार पंचायतों के हजारों लोग दो विभागों की आपसी खींचतान में पूरी तरह से फंसे हुए हैं। गानवी में सड़क के एक हिस्से को दुरुस्त करने में लोक निर्माण विभाग और बिजली बोर्ड आमने-सामने आ गए हैं। लोक निर्माण विभाग का कहना है कि सड़क का एक किलोमीटर का हिस्सा बिजली बोर्ड के अधीन आता है, तो वह ही सड़क की मरम्मत करेंगे। बिजली बोर्ड सड़क पर आने वाली गानवी खड्ड में कलवर्ट का जुगाड़ करने में ही फंसी हुई है। कौल ने कहा कि लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह का आश्वासन भी महज कागजी साबित हुआ। आम ग्रामीण को समस्या का हल होना चाहिए। सड़क किस विभाग के अधीन है, यह सरकार को देखना चाहिए। मौजूदा सरकार ने यहां की चार पंचायतों के हजारों लोगों को बेसहारा छोड़ दिया है। क्षेत्र में राशन की भारी कमी है। सिलिंडर और अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी खासी दरकार है। गांव में कोई बीमार हो जाए, तो मरीज को अस्पताल पहुंचाना बड़ी चुनौती रहता है। कौल ने कहा कि यदि सरकार ने इस क्षेत्र की जल्द सुध नहीं ली, तो आने वाले समय में भाजपा ग्रामीणों को लामबंद करते हुए उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेवारी सरकार की होगी। इस अवसर पर सराहन भाजपा मंडल के अध्यक्ष महेंद्र जैन, रमेश मुखिया, अनिल बुधेल, अशोक कुमार, गोपाल बंसल, सुशील नेगी, अजयए ठाकुर, ओम प्रकाश, प्रवीण, जगत सिंह, विक्रम, मुकेश और राजेश उपस्थित रहे।