महेंदली से सेवाकैंची तक निकाली जाएगी पदयात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। मुख्यमंत्री राेहड़ू विधानसभा क्षेत्र में मात्र सैर सपाटा करने आते हैं। जो योजनाएं दो सालों से चल रही हैं। उन योजनाओं में अपने नाम की पट्टिकाएं लगाकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। मुख्यमंत्री रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र में चार बार दौरा कर चुके हैं, लेकिन एक भी नई योजना क्षेत्र में शुरू नहीं हुई है। सड़कों की हालत खस्ता बनी हुई है। अस्पताल में चिकित्सकों की कमी है। जिस पर भाजपा नौ दिसंबर से उग्र आंदोलन करेगी। इस दौरान धरने-प्रदर्शन किए जाएंगे। यह बात ग्रामीण विकास बैंक की पूर्व अध्यक्षा व भाजपा नेत्री शशिबाला ने प्रेस वार्ता के दौरान कही। शशिबाला ने कहा कि महेंदली से सेवा कैंची सड़क और समोली-छुपाड़ी सड़क की डीपीआर भाजपा कार्यकाल में तैयार हुई थी। सड़क की हालत खस्ता है। सड़क निर्माण के टेंडर कई बार रद्द कर दिए गए हैं। नौ दिसंबर को भाजपा कार्यकर्ता महेंदली से सेवा कैंची तक सड़क पर विरोध-प्रदर्शन करेगी। पैदल यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल राेहड़ू चिकित्सकों की कमी से जूझ रहा है। शीघ्र चिकित्सकों के रिक्त पदों को भरा नहीं गया, तो भाजपा कार्यकर्ता अस्पताल के बाहर बैठकर हड़ताल करेंगे। शशिबाला ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में राेहड़ू के अंदर 29 करोड़ रुपये की लागत से सीए स्टोर का निर्माण हुआ। बीते दो वर्षों से सीए स्टोर चल रहा है। बागवानों का सेब स्टोर हो रहा है। मात्र अपनी पट्टिका लगाने के लिए इसका उद्घाटन करने का ड्रामा किया गया। वहीं, आयुर्वेदिक अस्पताल भवन और बहुमंजिला पार्किंग भवन भी पूर्व भाजपा सरकार की देन है। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष शशि रावत, सुमेश चौहान, विजय मेहता भी उपस्थित रहे।