जुब्बल में बागवानों की अनदेखी पर विरोध प्रर्दशन करते भाजपा कार्यकर्ता। संवाद
संवाद न्यूज एजेंंसी
रोहड़ू। जुब्बल में सोमवार को कांग्रेस सरकार की बागवान विरोधी नीतियों के खिलाफ भाजपा ने बाजार में प्रदर्शन किया। प्रर्दशन की अगुवाई भाजपा नेता चेतन बरागटा ने की। इस दौरान उन्होंने सरकार पर एचपीएमसी के माध्यम से एमआईएस के तहत खरीदे गए सी-ग्रेड सेब के भुगतान और सुविधाओं में हो रही देरी का मुद्दा उठाया। चेतन बरागटा ने कहा कि बागवान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और सरकार आंख मूंदे बैठी है। सरकार ने बागवानों से सी-ग्रेड सेब तो खरीद लिया, लेकिन आज तक न तो बागवानों को भुगतान किया गया है और न ही एचपीएमसी के माध्यम से खाद, स्प्रे ऑयल, दवाइयां और बागवानी में इस्तेमाल होने वाले आवश्यक उपकरण उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि एचपीएमसी के पास बागवानों का लगभग 130 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान लंबित है, जो प्रदेश सरकार की नाकामी और संवेदनहीनता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सरकार को बागवानों की आजीविका की चिंता होनी चाहिए। सरकार केवल घोषणाओं और प्रचार तक सीमित रह गई है। बरागटा ने आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्री अपने क्षेत्र के स्कूलों और शिक्षा व्यवस्था को संभाल नहीं पा रहे हैं। उनसे बागवानी और बागवानों के हितों की रक्षा की उम्मीद करना बेमानी है। शिक्षा और बागवानी दोनों ही क्षेत्रों में प्रदेश सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने चेताया कि जल्द ही बागवानों का लंबित भुगतान नहीं किया गया और आवश्यक सामग्री उपलब्ध नहीं करवाई गई, तो भाजपा आंदोलन को और तेज करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी।