रोह्ड़ू। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बिहार में पार्टी की जीत के बाद अपने पहले हिमाचल दौरे पर 12 दिसंबर की रात को शिमला पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर प्रदेश और जिला स्तर पर भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। नड्डा का यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह बात भाजपा जिला भाजपा अध्यक्ष अरुण फाल्टा ने कही। फाल्टा ने कहा कि 13 दिसंबर को पीटरहॉफ ग्राउंड में राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसमें हजारों भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसी दिन भाजपा के नए राज्य स्तरीय कार्यालय का शिलान्यास और भूमि पूजन प्रस्तावित है। फाल्टा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए जिला और मंडल स्तर के कार्यकर्ता भारी संख्या में शिमला पहुंचेंगे। प्रदेश नेतृत्व का मानना है कि नड्डा का यह दौरा न केवल कार्यकर्ताओं में उत्साह जगाएगा, बल्कि हिमाचल भाजपा की संगठनात्मक मजबूती को भी नई दिशा देगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए जिला महासू से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शिमला जाएंगे।