रामपुर के नोगली में भाजपा जिला किन्नौर की बैठक, मुद्दों को लेकर हुई चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर के नोगली के रेस्ट हाउस में भाजपा जिला किन्नौर की बैठक जिला अध्यक्ष यशवंत सिंह मंजू की अध्यक्षता में हुई। बैठक में प्रदेश मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा और सूरत नेगी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में कर्ण नंदा ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में आर्थिक मंदी का दौर चल रहा है। राज्य सरकार की नीतियों से प्रदेश की जनता और कर्मचारी वर्ग परेशान है। प्रदेश में ऐसी हालत है कि कर्मचारियों को हर महीने तनख्वाह आएगी या नहीं, यह चिंता सताती रहती है। हाल ही में विधानसभा में दी गई 10 नियुक्तियों के बारे में भी प्रदेश में काफी चर्चा है। जिस प्रकार से यह नियुक्तियां दी हैं, उस पर प्रश्न चिह्न भी उठ रहे हैं। इन नियुक्तियों की जांच होनी चाहिए। प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड में प्रबंधन स्तर पर युक्तिकरण की आड़ में कर्मचारियों की संख्या में कटौती करने की जल्दबाजी की जा रही है। प्रबंधन की ओर से एकतरफा संशोधित मानदंडों का मसौदा तैयार किया है। बैठक में किन्नौर जिला के सभी मंडल अध्यक्ष कंवर सिंह कल्पा, जीत राम मोरंग, ज्ञावा पालदेन, दीप ज्योति पूह और बीरबल लोकटस सांगला उपस्थित रहे।