मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना का किया जाए प्रचार-प्रसार, 50 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए नए भवन निर्माण पर हुई चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राष्ट्रीय पोषण आहार कार्यक्रम के अंतर्गत 3 से 6 वर्ष के स्कूल जाने वाले बच्चों को पूरक पोषाहार कार्यक्रम से जोड़ने के संबंध में विभाग जानकारी उपलब्ध करवाए, जिससे इस संबंध में उच्च अधिकारियों से बातचीत की जा सके। उपायुक्त बिलासपुर आबिद हुसैन सादिक ने जिला स्तरीय निगरानी कमेटी की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान इस संबंध में विस्तृत चर्चा की गई और विभाग को आगामी संस्तुति के लिए अनुमोदित किया गया। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को बच्चों में हुए सुधार के संबंध में भी निरंतर जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए कहा गया है। इस दौरान विभाग की चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं पर भी चर्चा की। उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना का अधिक से अधिक प्रचार किया जाए, जिससे इस श्रेणी में आने वाले बच्चों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने शालापूर्व शिक्षा, टीकाकरण, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, मुख्यमंत्री शगुन योजना, विधवा पुनर्विवाह योजना, मदर टेरेसा असहाय मातृ संबल योजना, महिला स्वंय रोजगार योजना, आंगनबाड़ी केंद्रों का विवरण, आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय, बिजली और पेयजल सुविधाएं, आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कार्य, बिलासपुर में 50 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए नए भवनों के निर्माण के बारे, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना और वन स्टाॅप सेंटर योजनाओं पर भी चर्चा की। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग हरीश मिश्रा ने विभाग ने महिला एवं बच्चों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। बैठक में सभी खंड विकास अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।