साप्ताहिक समीक्षा बैठक में मौजूद सभी विभागाध्यक्षों अधिकारी उपायुक्त से चर्चा करते हुए। संवा
भावानगर में प्रस्तावित नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र को लेकर उठाएं आवश्यक कदम
उपायुक्त ने सभी विभागाध्यक्षों को समय पर कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला किन्नौर में सभी विभागों में तैनात अधिकारी ई. ऑफिस प्रणाली से शीघ्र जुड़ें। भावानगर में प्रस्तावित नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र को लेकर भी आवश्यक कदम उठाएं। यह बात मंगलवार को उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने जिले के विभागाध्यक्षों की समीक्षा बैठक में कही। उन्होंने बैठक में विभिन्न विभागों की ओर से जिला में चलाए जा रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। डॉ. अमित कुमार शर्मा ने उपस्थित विभागों के अधिकारियों से ई.ऑफिस प्रणाली की वर्तमान स्थिति की रिपोर्ट मांगी और शीघ्र इस प्रणाली से जुड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने विभाग के लंबित बिलों को समय पर कोषाधिकारी के कार्यालय में भेजना सुनिश्चित करें। पूह खंड की रिब्बा पंचायत में निर्माणाधीन सीवरेज सिस्टम पर चर्चा की और अधिकारियों को समय पर सीवरेज प्रणाली का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं, उन्होंने भावानगर में प्रस्तावित नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र पर संबंधित अधिकारियों से चर्चा की और शीघ्र आगामी कदम उठाने के निर्देश दिए, ताकि जनजातीय जिला किन्नौर में नशे से ग्रस्त युवाओं को इस केंद्र में सकारात्मक दृष्टिकोण के प्रति प्रेरित किया जा सके। उन्होंने राजस्व, विद्युत, लोक निर्माण, स्वास्थ्य, शिक्षा, पशुपालन, कृषि, जल शक्ति और कार्यक्रम विभागों के अधिकारियों से उनके विभागों की ओर से चलाई जा रही विभिन्न नीतियों व योजनाओं का ब्योरा मांगा। वहीं, बचे हुए कार्यों को समय पर पूरे करने के निर्देश दिए। बैठक का संचालन सहायक आयुक्त डॉ. ओम प्रकाश यादव ने किया और राज्य सरकार के निर्देशों पर जानकारी प्रदान की। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनम नेगी, अधिशासी अभियंता विद्युत टाशी नेगी, तहसीलदार कल्पा अभिषेक बरवाल, खंड विकास अधिकारी कल्पा प्यारे लाल नेगी, जिला कोषाधिकारी किन्नौर रतन बहादुर गिरी परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक पीयूष शर्मा, जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले किन्नौर धनवीर ठाकुर, उपनिदेशक बागवानी भूपेंद्र नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।