रामपुर बुशहर। विश्व हिंदू परिषद के स्थापना दिवस एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य पर 4 सितंबर को विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन श्री ठाकुर सत्यनारायण मंदिर न्यास में होगा। रात 9:00 बजे से मध्य रात्रि 12:00 बजे तक भजन संध्या आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में भजन संध्या में शर्मा बंधु भजन मंडली धार गौर की ओर से भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। भजन मंडली के प्रमुख पीतांबर शर्मा कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। विनय शर्मा ने कहा कि श्री ठाकुर सत्यनारायण मंदिर न्यास में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। उन्होंने क्षेत्र के सभी लोगों से कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।