बाग-डुम्हेर पंचायत के चमेत गांव में सुबह करीब 7 बजे की घटना
वन विभाग ने भालू को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की कही बात
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहडू)।
कोटखाई क्षेत्र में जंगली भालुओं की बढ़ती गतिविधियों से लोगों में दहशत में हैं। मंगलवार सुबह 7 बजे बाग-डुम्हेर पंचायत के चमेत गांव में एक नेपाल मूल की युवती पर पुंगरिश नाला के पास भालू ने हमला कर दिया। हमले में गंभीर युवती घायल हो गई है। उसे उपचार के लिए कोटखाई स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया। हमले के दौरान युवती के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद कुत्ते भौंकने लगे। कुत्तों के भौंकने से भालू मौके से भाग गया। क्षेत्र में भालुओं की लगातार बढ़ती गतिविधियों और अब इन्सानों पर हमले की घटना से ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों को अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की चिंता सता रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और भालुओं से बचाव के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। इस बारे में कोटखाई वन विभाग के आरओ सुनील शर्मा ने बताया कि भालू को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जा रहा है। घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को भी दे दी गई है।