सांगला वासियों को राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने दी सौगात
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने रविवार को बौनिंगसारिंग में 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित बास्केटबाल कोर्ट का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की खेल सुविधाओं से ग्रामीण युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने बताया कि कल्पा में 29 करोड़ रुपये की लागत से खेल परिसर का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जहां भविष्य में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग की सभी जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही खिलाड़ियों के ठहरने की भी व्यवस्था होगी। मंत्री ने थेमगारंग में भी 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक हॉल का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह हॉल सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियों के आयोजन में सहायक सिद्ध होगा और स्थानीय जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार जनकल्याण और समग्र विकास के प्रति प्रतिबद्ध है। सीमांत क्षेत्रों विशेषकर किन्नौर जैसे पहाड़ी जिलों में शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, आधारभूत ढांचा और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्रों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। इस मौके पर निदेशक एपीएमसी शिमला एवं किन्नौर उमेश नेगी, किनफेड अध्यक्ष चंद्र गोपाल नेगी, निदेशक राज्य सहकारी बैंक पीतांबर दास नेगी, एसडीएम अमित कल्थाईक, निदेशक किनफेड सचिन नेगी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, महिला मंडल, युवक मंडल के सदस्य मौजूद रहे।