रोहडू के बखीरना पुल को जोड़ने वाली सड़क।
- फोटो : RAMPUR-HP
रोहड़ू। नए बस अड्डे के साथ करीब पांच पंचायतों की सुविधा के लिए बखीरना पुल बनकर तैयार हो चुका है, मगर लोगों को पुल का लाभ नहीं मिल रहा। सड़क पर छोटे वाहनों की अवाजाही रोकने के लिए अब सड़क को एक किनारे पर खोद दिया गया है।
रोहडू के बखीरना पुल के निर्माण पर करीब 16 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। लोक निर्माण विभाग ने जुलाई 2018 में इसका काम शुरू किया था और जिसे 2020 में पूरा करना था। मगर अंतिम वर्ष में निर्माण पूरा होने से पहले ही मई महीने में 96 मीटर बन चुके नए पुल का 66 मीटर लंबा हिस्सा धराशायी हो गया। हालांकि विभागीय कर्मचारियों पर इसकी गाज भी गिरी।
लोक निर्माण विभाग ने फिर दोबारा पुल के गिरे भाग का निर्माण शुरू करवाया। करीब छह महीने पहले पुल बनकर तैयार हो गया था, और इसके उद्घाटन की तैयारियां भी शुरू हो चुकी थी। मगर कुछ औपचारिकताएं पूरी न होने से उद्घाटन लटक गया। पुल पर वाहनों की आवाजाही भी शुरू हो गई, लेकिन अब पुल को जोड़ने वाली सड़क के किनारों को खोद दिया गया, ताकि वाहनों की आवाजाही न हो।
क्षेत्र के निवासी भीमेंद्र चौहान, सुरेंद्र चौहान, राजेंद्र कुमार ने कहा इस पुल को करीब पांच पंचायतों की सुविधा के लिए बनाया गया है। विभाग इसको शुरू करने में जानबूझ कर देरी कर रहा है। पुल बनने के बाद लोगों को रोहडू बजार पहुंचने के लिए करीब पांच किलोमीटर सफर करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि इस पुल का निर्माण शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि लोगों को सरकार की सुविधा का लाभ मिल सके।
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता पवन कुमार ने कहा कि पुल बनाकर तैयार है। पुल को जोड़ने वाली सड़क का एक किनार तंग है, जिसकी वजह से सड़क बंद की गई है। सड़क की दीवार लगाने के लिए दोबारा से टेंडर होंगे। काम पूरा होने के बाद पुल को लोगों की सुविधा के लिए खोल दिया जाएगा।