देवी-देवताओं की विदाई के साथ दो दिवसीय मेला संपन्न
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी आनी (कुल्लू)।
दो दिवसीय बाहु मेला हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। मेले में देवता शमशरी महादेव और देवता चजाई नाग ने शिरकत की। सैकड़ों देवलुओं की भागीदारी के साथ यह मेला क्षेत्रीय संस्कृति और आस्था का केंद्र बना। मेले के अंतिम दिन महिला मंडलों की महिलाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से खूब वाहवाही बटोरी। महिलाओं ने नाटी डालकर दर्शकों का मनमोह लिया। आनी ब्लॉक की 12 महिला मंडलों ने भाग लिया। इनमें महिला मंडल बगाश, गुगरा, बच्छेर, निशानी और चनोट की प्रस्तुतियां विशेष रूप से सराही गईं। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में व्यापार मंडल आनी के उपाध्यक्ष फकीर चंद वर्मा उपस्थित रहे। मेला कमेटी ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया। वर्मा ने कहा कि ग्रामीण मेले हमारी सांस्कृतिक पहचान हैं, जो आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देवता शमशरी महादेव के सानिध्य में वर्ष का पहला मेला बाहु गांव में आयोजित होना क्षेत्र की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है, जिसे आज भी लोग पूरी श्रद्धा से निभा रहे हैं। इस अवसर पर मेले में आए कारदारों और मंदिर कमेटी के सदस्यों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में तारा चंद वर्मा, रमीला वर्मा, मंदिर कमेटी के प्रधान किशोरी लाल ठाकुर, देवता चजाई नाग के कारदार रूप सिंह, मेला कमेटी प्रधान श्याम लाल सहित कई अन्य उपस्थित रहे।