भरेड़ी में आयुष्मान आरोग्य शिविर में मरीजों के स्वास्थ्य की जांच करतीं कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर। स
विश्व मधुमेह दिवस पर ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने बारे किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)।
विश्व मधुमेह दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को भरेड़ी पंचायत घर में आयुष्मान आरोग्य शिविर लगाया गया। शिविर में करीब 45 लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई। इस दौरान ग्रामीणों को मधुमेह समेत अन्य बीमारियों के प्रति जागरूक करने के साथ समय रहते रोगों की पहचान और उपचार के महत्व की जानकारी दी गई। शिविर में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) कृतिका सिंघा ने ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की। इस दौरान लोगों का रक्तचाप (बीपी), रक्त शर्करा (शुगर) और हीमोग्लोबिन परीक्षण किया गया। जरूरत के अनुसार मरीजों को दवाइयां भी उपलब्ध करवाई गईं और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। इस अवसर पर पंचायत प्रधान विपिन मेहता ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन बेहद महत्वपूर्ण है। इससे लोगों को घर के नजदीक स्वास्थ्य जांच और उपचार की सुविधा मिलती है। साथ ही कई ऐसी बीमारियों का भी समय रहते पता लगाया जा सकता है, जिनके शुरुआती लक्षणों को लोग अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। उन्होंने कहा कि मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों की समय पर पहचान होने से उचित उपचार और सावधानियों के माध्यम से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने और चिकित्सकों की सलाह का पालन करने की अपील की। शिविर के माध्यम से लोगों को संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दिया गया। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए काफी लाभदायक हैं।