तकलेच(रामपुर बुशहर)। पंचायती राज चुनावों की घोषणा के बाद जहां इन दिनों चुनावी सरगर्मियां गरमाई हुई हैं, वहीं युवक मंडल दलोग के पदाधिकारी चुनावों के दौरान वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव के नियमों का पालन सुनिश्चित बनाने को लेकर रणनीति तैयार करने में जुट गए हैं। चुनावी सरगर्मियों के बीच लोग कोविड नियमों को कहीं भूल न जाएं, इसके मद्देनजर युवक मंडल दलोग ने लोगों को जागरूक करने का बीड़ा उठाया है। इसी कड़ी में युवक मंडल दलोग की बैठक अध्यक्ष ललित कायथ की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विशेषकर चुनावों के दौरान प्रचार सहित वोटिंग के मद्देनजर कोविड नियमों को बनाए रखने को लेकर चर्चा की गई। वहीं बैठक में फैसला लिया गया कि युवक मंडल के सदस्य लोगों को चुनावों के दौरान कोविड महामारी के नियमों का कड़ाई से पालन करने को लेकर जागरूक करेंगे और गांव-गांव जाकर मास्क पहनने, सामाजिक दूरी सहित अन्य आवश्यक नियमों को पालन करने की अपील करेंगे। इस मौके पर नीटू कायथ, त्रिलोक भलूनी, बहादुर सिंह भलूनी, बांकाराम भलूनी, रामेश्वर कायथ, रोहित राणा, प्रताप चौहान, शेर सिंह कायथ, वीरभद्र कायथ, जोगिंद्र सिंह, महेंद्र ठाकुर, अविनाश कायथ, लोकिंद्र ठाकुर, प्रेम राज ठाकुर, जोगिंद्र सिंह ठाकुर, नवनीत कायथ, बन्नी कायथ, जगु भलूनी, योग राज, सुधीर कायथ, अशोक, बंटी और सतीश ठाकुर सहित कई अन्य मौजूद रहे।