रोहड़ू । नशा मुक्त युवा अभियान के तहत शनिवार को लाल बहादुर शास्त्री राजकीय महाविद्यालय सरस्वती नगर में जागरूकता रैली निकाली गई। महाविद्यालय की एंटी ड्रग कमेटी, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई और रोड सेफ्टी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रैली परिसर से शुरू होकर सावड़ा बाजार तक पहुंची। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने नारों, कविताओं और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन एंटी ड्रग कमेटी की संयोजिका डॉ. सुमित्रा चौहान, डॉ. नरेश कुमार, रोड सेफ्टी क्लब के संयोजक प्रो. पवन कुमार और एनएसएस इकाई-दो की कार्यक्रम अधिकारी प्रो. प्रीति पांटा के मार्गदर्शन में किया गया।