उच्च पाठशाला तुनन में शिक्षा संवाद कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। राजकीय उच्च पाठशाला तुनन में शनिवार को शिक्षा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एसएमसी अध्यक्ष रूपचंद बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। मुख्यातिथि ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्याध्यापक मनोहर लाल भोगल ने कहा कि विद्यालय केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान ही नहीं देता, उनमें ईमानदारी, संस्कार, नैतिक मूल्यों और अनुशासन का विकास करता है। शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। शिक्षा संवाद कार्यक्रमों से अध्यापकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होता है, जो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। संवाद कार्यक्रम में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) के बारे में जागरूक किया गया। ह्यूमन पैपिलोमा वायरस से बचाव के लिए समय पर वैक्सीनेशन करना आवश्यक है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण और समग्र शिक्षा के महत्व बारे सभी को अवगत करवाया गया। कार्यक्रम में बढ़ते नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया गया। मोहन लाल भोगल ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों को चिट्टा जैसे घातक नशे से दूर रहने का आह्वान किया।