रामपुर बुशहर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला झाकड़ी और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सनारसा में वीरवार को आपदा सुरक्षा जागरूकता शिविर लगाए गए। शिविर का आयोजन डूअर्स मानवतावादी संगठन ने किया। विद्यार्थियों को विभिन्न आपदाओं से बचने के उपायों के बारे में जानकारी दी गई। संगठन की अधिकारी अनुराधा, सहयोगी प्रियंका और श्वेता ने छात्राओं को आपदा बचाव के विभिन्न उपायों का प्रशिक्षण दिया। छात्राओं ने पट्टी बांधना, घायल व्यक्ति की सहायता करना, बेहोशी की स्थिति में प्राथमिक उपचार और आपातकालीन परिदृश्यों का अभ्यास किया। अनुराधा ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों को आपदा से बचाव को लेकर जागरूक करना है। शिविर में विद्यार्थियों को भूकंप, किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव, बेहोशी की हालत में सीपीआर देना, विभिन्न आपदाओं और आपातकालीन समय फर्स्ट एड देने के विभिन्न तरीकों के बारे में जागरूक किया गया।