कुमारसैन (रामपुर बुशहर)।
पीएमश्री जेबीएलके राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुमारसैन में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय शिविर के दौरान प्रवक्ता इंदु शेखर शर्मा ने विद्यार्थियों को एनएसएस शिविरों के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों को समाज सेवा के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ उन्हें वास्तविक जीवन की परिस्थितियों को समझने और उनसे सीखने का अवसर प्रदान करती है। इंदु शेखर शर्मा ने कहा कि एनएसएस के माध्यम से विद्यार्थी केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहते, बल्कि समाज के बीच रहकर लोगों की समस्याओं को समझते हैं और उनके समाधान में अपनी भूमिका निभाना सीखते हैं। शिविर के दौरान स्वच्छता अभियान, जागरूकता रैलियों और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में भाग लेकर स्वयंसेवी समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और सामाजिक कुरीतियां समाज के सामने गंभीर चुनौतियां हैं। ऐसे में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है। एनएसएस के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का अवसर मिलता है। स्वयंसेवियों को चाहिए कि वे नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी इसके खिलाफ जागरूक करें। उन्होंने विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने, अनुशासन बनाए रखने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आगे आने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं में सेवा भावना, सहयोग, नेतृत्व क्षमता और संवेदनशीलता विकसित करने में एनएसएस शिविरों की अहम भूमिका है। इस दौरान स्वयंसेवियों को प्रेरित किया कि वे शिविर में प्राप्त अनुभवों और सीख को अपने दैनिक जीवन में अपनाएं, समाज में जागरूकता फैलाकर एक बेहतर और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान दें।