. तीन दिवसीय मेले की क्षेत्र के चार आराध्य देवता बढ़ाएंगे शोभा
. मेले में ढोल नगाड़ों की थाप पर चलेगा नाटियों का खूब दौर
संवाद न्यूज एजेंसी
डंसा (रामपुर बुशहर)।
उपमंडल रामपुर के देवठी स्थित देवता छिज्जा कालेश्वर मंदिर में 15 अगस्त के उपलक्ष्य पर मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला 17 अगस्त तक आयोजित होगा, जिसमें क्षेत्र के 4 आराध्य देवता मेले की शोभा बढ़ाएंगे। मेजबान देवता कालेश्वर छिज्जा के अलावा लक्ष्मी नारायण थला, कुई कंडा नाग करेरी और नगेला कीम पहुंचेंगे। मंदिर समिति इन दिनों मेले की तैयारियों में जुटी हुई है। 12/20 घाटी के अधिष्ठाता प्रमुख देवता छिज्जा कालेश्वर के मंदिर परिसर में स्वतंत्रता दिवस पर समारोह का आयोजन किया जाएगा। छिज्जा कालेश्वर मंदिर समिति देवठी के मीडिया सचिव अजय ऐश्टू ने बताया कि 15 अगस्त को स्कूली छात्र-छात्राओं और महिला मंडलों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए जाएंगे। इससे पूर्व मेहमान देवताओं का धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए देवता साहिब की उपस्थिति में मंदिर समिति की ओर से ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया जाएगा। 16 और 17 अगस्त को देवता साहिब छिज्जा कालेश्वर के आदेशानुसार पुराने रीति-रिवाज के मुताबिक ढोल-नगाड़ों और रणसिंघों के साथ चार देवताओं के सानिध्य में दिनभर नाटियों का दौर चलता रहेगा। मेले में 12/20 घाटी के अलावा बाहरी क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। 17 अगस्त की शाम को मेला समाप्ति के उपरांत देव मिलन के हजारों लोग साक्षी बनेंगे और और सुख समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त कर अभिभूत होंगे। मंदिर समिति की ओर से देवताओं को नजराना राशि भेंट कर धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार विदा किया जाएगा।