रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला किन्नौर के शौंग गांव के रहने वाले आशीष नेगी को राज्य स्तरीय बेस्ट फार्मर इन मार्केटिंग खिताब से सम्मानित किया गया है। 10 फरवरी को मोहाली के किसान विकास चैंबर में आयोजित कार्यक्रम में राज्य स्तरीय कृषि सम्मान अवाॅर्ड और बेस्ट फार्मर इन मार्केटिंग श्रेणी के तहत यह सम्मान दिया गया। कार्यक्रम में हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के किसानों ने भाग लिया। आशीष नेगी ने वर्ष 2022 से पारंपरिक खेती को छोड़कर प्राकृतिक खेती शुरू की। वर्तमान में आशीष नेगी सेब, काला जीरा और राजमा की खेती प्राकृतिक तरीके से कर रहे हैं। आशीष ने केवल फसल उगाने पर ही ध्यान नहीं दिया, बल्कि मार्केटिंग के लिए एक आधुनिक रास्ता चुना। उन्होंने अपने कृषि उत्पादों को किन्नौर बाउंटीज ब्रांड के नाम से पहचान दिलाई। आज उनके उत्पाद केवल स्थानीय मंडियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे इंडियन मार्ट और खेतों से डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिये देश के कोने में अपने उत्पादों की सीधी बिक्री कर रहे हैं।