दसवीं से स्नातक और डिप्लोमा उत्तीर्ण युवा भी कर सकेंगे पंजीकरण
18 से 24 वर्ष निर्धारित की गई आयु सीमा
संवाद न्यूज़ एजेंसी
रोहड़ू ।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) जुब्बल में 16 नवंबर को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में विभिन्न ट्रेडों के प्रशिक्षुओं के साथ विभिन्न विभाग और संगठन भी भाग लेंगे। आईटीआई जुब्बल में वर्तमान में कोपा, इलेक्ट्रीशियन, इलेक्ट्रॉनिक मेकेनिक, फिटर, मेकेनिक मोटर वाहन, पंप ऑपरेटर कम मेकेनिक, सेविंग टेक्नोलॉजी, सोलर तकनीशियन और सर्टिफिकेट कोर्स इन हॉर्टिकल्चर सहित नौ ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर पंजीकरण करवाने के इच्छुक आईटीआई, दसवीं, बारहवीं, स्नातक और डिप्लोमा उत्तीर्ण युवा आवश्यक दस्तावेज के साथ सुबह 10 से शाम पांच बजे तक संस्थान पहुंच सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों की आयु 18 से 24 वर्ष निर्धारित की गई है। इसके अलावा विभिन्न विभागों और संगठनों को भी पोर्टल पर पंजीकरण करवाने के लिए आमंत्रित किया गया है। संस्थान के प्रधानाचार्य विवेक मेहता ने बताया कि युवाओं को इस मेले में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए और उपलब्ध अवसर का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस पहल से प्रशिक्षुओं को व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने और भविष्य में रोजगार के लिए तैयार होने में मदद मिलेगी।