आनी (कुल्लू)।
आनी के पुराने बस अड्डा स्थित पार्किंग स्थल के संचालन के लिए रेडक्रॉस समिति ने एक बार फिर निविदाएं आमंत्रित की हैं। इससे पहले पार्किंग स्थल को एक वर्ष के लिए ठेके पर देने के उद्देश्य से दो बार निविदा विज्ञापन जारी किए गए थे, लेकिन निर्धारित अवधि में कोई भी बोली प्राप्त नहीं हुई। इसके चलते अब पुन: इच्छुक ठेकेदारों से आवेदन मांगे गए हैं। उपमंडल अधिकारी कार्यालय से जारी अधिसूचना के अनुसार पुराने बस अड्डा परिसर में करीब 14 मीटर चौड़े और 17 मीटर लंबे पार्किंग स्थल का संचालन 1 अगस्त 2026 से 31 जुलाई 2027 तक ठेके के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक बोलीदाता 1 अगस्त तक किसी भी कार्य दिवस में अपनी सीलबंद निविदा उपमंडल अधिकारी कार्यालय में जमा कर सकते हैं। आवेदन के साथ 10000 की निविदा अग्रिम राशि जमा करना अनिवार्य होगा। सभी निविदाएं 3 अगस्त को सुबह 11 बजे खोली जाएंगी।