कोटखाई (रोहड़ू)। सोनीपत की निजी कंपनी नेचुरल फ्रूट चैन इस बार हिमाचल से बोरी वाला सी ग्रेड सेब खरीदेगी। कंपनी ने इसके लिए एचपीएमसी से करार किया है। मुख्य प्रबंधक सुखवीर कादयान ने बताया कि कंपनी इस माह करीब 200 ट्रक सेब खरीदेगी, जबकि लक्ष्य 800 से 900 ट्रक सेब खरीदने का है। कंपनी सी ग्रेड सेब को 8 रुपये प्रति किलो के हिसाब से खरीदेगी। सेब बोरी में पैक कर एचपीएमसी को उपलब्ध करवाना होगा। वहीं एचपीएमसी गुम्मा शाखा के प्रबंधक वरिंदर चौहान ने बागवानों से अपील की है कि वे सड़ा-गला सेब न भेजें, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारु रूप से चल सके। शुक्रवार को कंपनी प्रबंधन व एचपीएमसी अधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया और जल्द ही खरीद प्रक्रिया शुरू करने का भरोसा दिलाया।