कुमारसैन कॉलेज में एसएफआई के सम्मलेन में मौजूद विद्यार्थी। स्रोत : संगठन।
सम्मेलन में शिक्षा के बढ़ते व्यापारीकरण, बेरोजगारी के मुद्दों पर की चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुमासैन (रामपुर बुशहर)। कुमारसैन कॉलेज में एसएफआई इकाई का 9वां सम्मेलन संपन्न हुआ। सम्मेलन में शिक्षा के बढ़ते व्यापारीकरण, बेरोजगारी, सरकारी विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं की कमी के साथ कई मुद्दों पर चर्चा की गई। सम्मेलन में क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से विद्यार्थियों ने भाग लिया। सम्मेलन का शुभारंभ एसएफआई शिमला के जिला अध्यक्ष विवेक ने किया। इस दौरान बलिदानियों की याद में दो मिनट का मौन भी रखा गया। इसके बाद बीते वर्ष के संगठनात्मक रिपोर्ट और वित्तीय रिपोर्ट को प्रस्तुत किया गया, जिसे सभा ने सर्वसम्मति से पारित किया। सम्मेलन में सर्वसम्मति से नई 13 सदस्यीय यूनिट कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें अनुराग को यूनिट अध्यक्ष बनाया गया। लवली को यूनिट सचिव के रूप में चुना गया। इसके अलावा अन्य सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई। नई टीम ने संगठन को मजबूत करने, नए छात्रों को जोड़ने और परिसर में छात्र हितों के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया। नवनिर्वाचित यूनिट अध्यक्ष अनुराग ने कहा कि हमेशा छात्रों की आवाज को बुलंद करने और शिक्षा को सभी के लिए समान बनाने के संघर्ष में अग्रणी रही है। आने वाले समय में प्राध्यापकों के खाली पड़े पदों को भरने के लिए आंदोलन किया जाएगा। यूनिट सचिव लवली ने कहा हमारा लक्ष्य केवल संगठन का विस्तार नहीं, बल्कि छात्रों के वास्तविक मुद्दों को लेकर आंदोलनशील रहना है। छात्रों को जागरूक करने का काम करेंगे। छात्रों पर बढ़ रहे हमलों के खिलाफ एकजुट होंगे।