कोटखाई के नागड़ू में लगी एंटी हेलगन का हुआ सफल परीक्षण
.बागवानों ने पूरे सीजन सुचारु रूप से चलाने का किया आग्रह
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। उद्यान विभाग कोटखाई के तहत नागड़ू क्षेत्र में स्थापित एंटी हेलगन को अप्रैल के पहले सप्ताह से फिर से शुरू किया जाएगा। पौधों के संरक्षण अधिकारी सुनील दत्त शर्मा ने बताया कि पिछले सप्ताह एंटी हेलगन का सफल परीक्षण किया गया, जिसमें यह पूरी तरह सही तरीके से कार्य करती पाई गई। उन्होंने बताया कि इस एंटी हेलगन को हर वर्ष लगभग तीन महीने तक संचालित किया जाता है ताकि बागवानों की सेब की फसलों को ओलावृष्टि से होने वाले नुकसान से बचाया जा सके। यह गन ओलावृष्टि की आशंका के दौरान सक्रिय की जाती है, जिससे फसलों को काफी हद तक सुरक्षा मिलती है। स्थानीय बागवान राकेश चौहान, रणवीर चौहान, दिलीप चौहान, अनूप शर्मा और राजेश चौहान ने बताया कि एंटी हेलगन से कोटखाई और आसपास के क्षेत्रों में ओलावृष्टि से राहत मिलती है। उन्होंने विभाग से मांग की है कि गन को पूरे सीजन के दौरान सुचारु रूप से चलाया जाए ताकि बागवानों को अधिकतम लाभ मिल सके।