नित्थर स्कूल में आयोजित वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करती छात्र
नित्थर स्कूल में मनाया वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर(कुल्लू)। शिक्षा खंड निरमंड के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नित्थर में शुक्रवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया। कार्यक्रम में प्रदेश सतलुज जल विद्युत निगम लूहरी इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट 210 मेगावाट चरण एक के परियोजना प्रमुख सुनील चौधरी बतौर मुख्यातिथि और नित्थर पंचायत के प्रधान जगदीश ठाकुर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में छात्रों ने पहाड़ी, कुल्लवी, बॉलीवुड और किन्नौरी गीतों पर नृत्य पेशकर खूब वाहवाही बटोरी। छात्रों ने वाद्ययंत्रों की दमदार प्रस्तुति देकर लोक संस्कृति की छटा बिखेरते हुए सभी को मंत्रमुग्ध किया। समारोह में स्कूल के करीब 109 छात्रों को विभिन्न गतिविधियों के लिए पुरस्कृत किया गया। स्कूल प्रधानाचार्य धर्मपाल ने विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत कर स्कूल की शैक्षणिक सहित अन्य उपलब्धियों के बारे में जानकारी साझा की। कार्यक्रम में राजेंद्र चौहान ने मंच संचालन किया। मुख्यातिथि सुनील चौधरी ने कहा कि विद्यालय में बच्चों को खेलकूद के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी भाग लेना चाहिए। स्कूल प्रशासन, एसएमसी अध्यक्ष चंद्रपाल शर्मा और स्कूली बच्चों को वार्षिक उत्सव की बधाई दी। बच्चों के प्रोत्साहन के लिए बीस हजार रुपये की सहयोग राशि भेंट की। इस दौरान राजेंद्र ठाकुर, एसएमसी अध्यक्ष चंद्र पाल, शांता शर्मा, मदन गोस्वामी, अनिल गोस्वामी, सतीश परमार, मंजीत ठाकुर, प्रवीण कुमार, सुरजीत शर्मा, रामप्रकाश, शिल्पा, रामलाल और पूनम शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।