स्प्रिंगडेल स्कूल में मेधावियों को सम्मानित करते हुए मुख्यातिथि। स्रोत : स्कूल प्रबंधन
स्प्रिंगडेल स्कूल खनेरी के वार्षिक समारोह का आयोजन
. एनसीबी के डीआईजी अरविंद दिग्विजय सिंह नेगी ने विद्यार्थियों को किया प्रोत्साहित
. शिक्षा, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को मिले पुरस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
स्प्रिंगडेल स्कूल खनेरी में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में वर्षभर शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक और सहपाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। हिमाचल प्रदेश के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) एवं सीआईडी में उप महानिरीक्षक (डीआईजी) अरविंद दिग्विजय सिंह नेगी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। प्रधानाचार्य मनीष आनंद सहित स्कूल स्टाफ ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। समारोह में कक्षा जेकेजी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ स्प्रिंगडेल स्कूल निरमंड के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भी भाग लिया। विद्यार्थियों की प्रतिभा और सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने के लिए मोस्ट इनक्विजिटिव स्टूडेंट, बेस्ट ड्रेस्ड स्टूडेंट, बेस्ट वालंटियर और बेस्ट प्लेयर ऑफ द ईयर जैसी श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए। टैलेंट हंट प्रतियोगिता के तहत नृत्य, गायन, चित्रकला, श्लोक उच्चारण, वाद्ययंत्र वादन और मॉडलिंग में प्रतिभा दिखाने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा हिंदी वाद-विवाद, अंतरसदनीय प्रश्नोत्तरी, किसमें कितना है दम प्रतियोगिता, वॉलीबॉल और शतरंज में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार दिए गए। मिमिक्री, जादू, क्ले मॉडलिंग, ग्लास पेंटिंग, हिंदी लेखन, हिंदी दिवस, सीएससी और अंग्रेजी लेखन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। समारोह में जवाहर नवोदय विद्यालय, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय और सैनिक स्कूल की चयन प्रक्रियाओं में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सराहा गया। राष्ट्रीय आइस स्केटिंग प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों, प्री-आरडीसी शिविर के लिए चयनित प्रतिभागियों और एनसीसी में बेस्ट कैडेट का सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया। इसके अतिरिक्त नीट और जेईई मेन जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया। मुख्यातिथि अरविंद दिग्विजय सिंह नेगी ने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करने, अनुशासन बनाए रखने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। प्रधानाचार्य मनीष आनंद ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी। इस अवसर पर आरती आनंद, विवेक आनंद, शैला आनंद, स्कूल के मुख्य सलाहकार अनिल ठाकुर, राजश्री ठाकुर, उपप्रधानाचार्य आशा सोफ्टा, मीनाक्षी कॉल, मुख्य समन्वयक चिंतामणि देष्टा, मुख्य प्रबंधक संजीव रांझा, मुख्य सलाहकार रोहित चड्ढा, नव चेतना समिति के अध्यक्ष के. आनंद और एसएमसी अध्यक्ष अतुल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।