सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल में वार्षिक उत्सव की रही धूम
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। आनी स्थित सरस्वती विद्या मंदिर उच्च विद्यालय में बुधवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष तिलक राज बतौर मुख्यातिथि और बीडीसी बटाला वार्ड सुषमा सिंह विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। एसएमसी अध्यक्ष रामकुमार शर्मा ने मुख्यातिथि को टोपी, बैच और शॉल पहनाकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य दीपक ठाकुर ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर वर्षभर की विभिन्न गतिविधियों से अवगत कराया। मुख्यातिथि तिलक राज ने बच्चों को वार्षिक उत्सव की बधाई दी। विद्यालय के मेधावियों को पुरस्कार से नवाजा। उन्होंने विद्यालय के विकास के लिए हरसंभव सहायता देने की बात कही। विशेष अतिथि सुषमा सिंह ने बच्चों से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया। इस मौके हिमाचल शिक्षा समिति के उत्तरी भारत के प्रांत स्तरीय पूर्व मंत्री डॉ. गुलाब सिंह मेहता ने बच्चों से अपने गुरुजनों का आदर मान कर संस्कारित शिक्षा ग्रहण करके देश का एक सभ्य नागरिक बनने का आह्वान किया।