जवाहर नवोदय स्कूल रिकांगपिओ में मनाया वार्षिक समारोह
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जवाहर नवोदय विद्यालय रिकांगपिओ में बुधवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से समां बांधा। कार्यक्रम में छात्रों ने किन्नौरी, पहाड़ी, बाॅलीवुड, पंजाबी और नाटक की प्रस्तुतियां पेश कर वाहवाही बटोरी। धर्मा और कनिका को स्कूल का कैप्टन चुना गया। समारोह में शिक्षा और खेल में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न गतिविधियों में विजेता रहे विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। संगीत में रुचिका को कैप्टन, सीसीए में गौरव और मुस्कान को कैप्टन, मेडिकल में सुजाता को कैप्टन, स्पोर्ट्स में प्रिया और नव प्रभात को कैप्टन चुना गया। वहीं, अन्य गतिविधियों में रिया, सुहाना, अंकिता, मृदुल, अनुष्का, तनिष्का, नकुल, सिमरन, नव प्रभात, नीलगिरी, अरावली, आदित्य और अनुज सहित अन्य को सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक किन्नौर अभिषेक शेखर समारोह में बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के दौर में अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करनी चाहिए। जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रधानाचार्य शशि कांता कुमारी ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट और विभिन्न गतिविधियों का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया। सहायक आयुक्त ओम प्रकाश यादव 17वीं वाहिनी भारत तिब्बत सीमा पुलिस के आदेशक बसंत कुमार नोगल, जिला आयुष अधिकारी डॉ. इंदु शर्मा, उपनिदेशक शिक्षा प्रारंभिक कुलदीप सिंह नेगी, जिला अग्रणी बैंक पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंधक रोहित सांगवान, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रिकांगपिओ और केंद्रीय विद्यालय रिकांगपिओ के प्रधानाचार्य सहित अन्य उपस्थित रहे।