ब्रौ स्थित शेमफोर्ड स्कूल में बच्चों को पुरस्कृत करती मुख्यातिथि। स्रोत : स्कूल प्रबंधन
रामपुर बुशहर। शेमफोर्ड लिटिल स्टार्स स्कूल ब्रो में वार्षिक समारोह उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से समां बांधा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुधा और श्रद्धा जी उपस्थित रहे, जो श्री हंस संस्थान से जुड़े हुए हैं। दोनों अतिथियों ने बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों को संस्कार, अनुशासन, सकारात्मक सोच और अच्छे कर्मों का महत्व समझाया। विद्यालय के प्रबंध निदेशक ओगम राम ने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास केवल पढ़ाई से नहीं, बल्कि संस्कार, आत्मविश्वास और नैतिक मूल्यों से होता है। शेमफोर्ड लिटिल स्टार्स ब्रो में बच्चों को सुरक्षित, स्नेहपूर्ण और गुणवत्तापूर्ण वातावरण प्रदान किया जाता है, ताकि वे भविष्य में अच्छे नागरिक बन सकें। कार्यक्रम के दौरान सभी बच्चों को उनकी मेहनत, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या सुजाता भार्गव ने बताया कि शेमफोर्ड लिटिल स्टार्स अंतरराष्ट्रीय फ्रेंचाइजी है और इसकी रामपुर में यह पहली शाखा खुली है। यह क्षेत्र का पहला फ्रेंचाइजी आधारित स्कूल है, जहां बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ संस्कार और सकारात्मक मूल्य भी सिखाए जाते हैं। कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ उन्हें आत्मविश्वासी और जिम्मेदार नागरिक बनाना है।समारोह में उपस्थित अभिभावकों ने विद्यालय के सकारात्मक वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बच्चों के सर्वांगीण विकास की सराहना की।