काशापाट में सालाना समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले छात्र और छात्राओं को पुरस्कृत करते मुख्य
नशे और मोबाइल के दुष्प्रभावों पर प्रस्तुतियों से विद्यार्थियों ने दिया जागरूकता का संदेश
. छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समा
संवाद न्यूज एजेंसी
डंसा (रामपुर बुशहर)। रामपुर विकास खंड की दुर्गम पंचायत काशापाट स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में शनिवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया। डॉ. मुकेश कुमार ने समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। पाठशाला पहुंचने पर मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का प्रबंधन समिति के सदस्यों और विद्यार्थियों ने फूलमालाओं से स्वागत किया। समारोह में विद्यार्थियों ने एकांकी, एकल गान और समूह गान सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नशे और मोबाइल फोन के दुष्प्रभावों पर आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज को जागरूकता का संदेश दिया। रंगारंग कार्यक्रमों ने उपस्थित दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान शिक्षा और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि ने स्मृति चिह्न और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।प्रधानाचार्य माया साहनी ने विद्यालय की उपलब्धियों और परिस्थितियों की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2007 में स्तरोन्नत हुआ यह विद्यालय क्षेत्र का अति दुर्गम और सीमावर्ती शिक्षण संस्थान है। सीमित सुविधाओं के बावजूद यहां छठी से जमा दो कक्षा तक 80 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। मुख्य अतिथि डॉ. मुकेश कुमार ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा हासिल करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने घोषणा की कि बोर्ड परीक्षाओं में प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल करने वाले जरूरतमंद विद्यार्थियों को उनके महाविद्यालय में निशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। पंचायत प्रधान प्यासू मल और पूर्व प्रधान सत्या भान साहनी ने भी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हासिल करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। समारोह में गीता, आरती, नेहा, ईशा, आदित्य, स्मृति, दिशा, यश, परीक्षा, मुस्कान और आकृति सहित मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। मंच संचालन अध्यापक संतोष छट्टू ने किया। इस मौके पर आईबी से सेवानिवृत्त डीआर कनैन, पंचायत उपप्रधान ईश्वर स्नाटू, पूर्व प्रधान पुष्पा स्नाटू, पूर्व उपप्रधान राम रत्न गडेल, एसएमसी प्रधान बलदेव साहनी, उपप्रधान अनुरक्षा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मीना, लॉरेंस, एलआर साहनी, अभिभावक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।