आनी क्षेत्र की अंजना ठाकुर को लिटरेसी एंड नेशन बिल्डर अवार्ड से किया सम्मानित। स्रोत : जागरूक प
आनी (कुल्लू)।
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए आनी क्षेत्र की अंजना ठाकुर को रोटरी क्लब धर्मशाला ने प्रतिष्ठित लिटरेसी एंड नेशन बिल्डर अवॉर्ड से सम्मानित किया। सम्मान समारोह में उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया गया। अंजना ठाकुर इस सम्मान को प्राप्त करने वाली सबसे युवा शिक्षिकाओं में शामिल हैं, जो आनी क्षेत्र के लिए भी गौरव की बात है। अंजना ठाकुर पुत्री अमी चंद निवासी खमरला कुंगश तहसील आनी ने शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए उल्लेखनीय कार्य किया है। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें बेहतर मार्गदर्शन देने के प्रति उनके समर्पण को देखते हुए रोटरी क्लब धर्मशाला ने उन्हें इस सम्मान के लिए चुना। अंजना ठाकुर राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल चैल में भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। वर्तमान में वह एस्पायर आईआईटी मेडिकल में कार्यरत हैं, जहां वह विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं सहित बेहतर शैक्षणिक मार्गदर्शन प्रदान कर रही हैं। अंजना ठाकुर को अवॉर्ड मिलने पर क्षेत्रवासियों, परिजनों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने बधाई दी है।