. कुमारसैन में चार पदों के लिए 16, रामपुर में 15 पदों के लिए 83 अभ्यर्थी किए शॉर्टलिस्ट
. मेरिट के आधार पर होगा चयन, संबंधित पंचायतों के अभ्यर्थियों को प्राथमिकता
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
उपमंडल रामपुर और कुमारसैन में पशु मित्र भर्ती के लिए 20 और 22 अप्रैल को दस्तावेजों का सत्यापन होगा। रामपुर में 15 पदों के लिए 83 और कुमारसैन में 4 पदों के लिए 16 अभ्यर्थियों को शॉट लिस्ट किया गया है। पशु मित्रों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा। संबंधित पंचायत के अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी और उनके घर के पशुओं की टैगिंग पर अतिरिक्त अंक भी दिए जाएंगे। पशु मित्र इंगेजमेंट कमेटी के सदस्य सचिव एवं वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी रामपुर डॉ. अनिल शर्मा ने बताया कि पशु मित्र भर्ती प्रक्रिया के तहत आयोजित शारीरिक परीक्षण के बाद कुल 208 अभ्यर्थियों में से 99 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। रामपुर उपमंडल के लिए दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया 20 अप्रैल को सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक एसडीएम कार्यालय रामपुर में आयोजित की जाएगी। यह प्रक्रिया पशु मित्र इंगेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष एवं एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह, सदस्य एवं सीमन बैंक के सहायक निदेशक डॉ. विनय शर्मा और वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल शर्मा की देखरेख में संपन्न होगी। वहीं, कुमारसैन उपमंडल के लिए दस्तावेजों का सत्यापन 22 अप्रैल को सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक एसडीएम कार्यालय कुमारसैन में होगा। यहां कुमारसैन के एसडीएम मुकेश शर्मा, सहायक निदेशक डॉ. विनय शर्मा और वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल शर्मा इस प्रक्रिया को पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी शॉर्ट लिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को व्हाट्सएप और डाक के माध्यम से सूचित किया जा चुका है ताकि प्रत्येक अभ्यर्थी को समान अवसर प्राप्त हो सके। पशु मित्रों का चयन मेरिट के आधार पर होगा, जिसमें 10वीं कक्षा के अंकों का 85 प्रतिशत वेटेज दिया गया है। जिन अभ्यर्थियों के घर में पशु टैगिंग की गई है, उन्हें अतिरिक्त अंक प्रदान किए जाएंगे। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे। राष्ट्रीय स्तर के खेलों में पदक विजेता अभ्यर्थियों को स्पोर्ट्स कोटा के अंतर्गत लाभ दिया जाएगा। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों को निर्देशित किया है कि वे दस्तावेज सत्यापन के समय अपने सभी मूल प्रमाणपत्र साथ लाना सुनिश्चित करें।