तकलेच में नशा निवारण का लेकर जागरूकता रैली निकालते स्वयं सेवी। संवाद
जागरूकता रैली में विद्यार्थियों, अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने दिया नशामुक्त देश का संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। नशा एक बीमारी है, इससे दूर रहना समझदारी है .... के नारों से तकलेच क्षेत्र गूंज उठा। उपतहसील तकलेच में सोमवार को नशामुक्त देश के लिए प्रशासन, विद्यार्थी और पंचायत जनप्रतिनिधि सड़कों पर उतरे। स्कूलों के विद्यार्थियों ने तकलेच स्कूल से लेकर बाजार तक जागरूकता रैली निकाली। नशे के खत्म करने के लिए तकलेच में खूब नारे लगे। तकलेच के नायब तहसीलदार अनमोल शर्मा के नेतृत्व में एंटी चिट्टा और एंटी ड्रग मुक्त अभियान के तहत पीएमश्री राजमाता शांति देवी मेमोरियल राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तकलेच, राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला तकलेच, साई पब्लिक स्कूल तकलेच के विद्यार्थियों, पंचायत के जनप्रतिनिधियों और विभागों के अधिकारियों ने रैली निकाली। इस अवसर पर कार्यवाहक प्रधानाचार्य अजित सिंह ने सभी का स्वागत किया और आभार जताया।तकलेच स्कूल में सभी एकत्रित हुए और यहां से रैली शुरू की। इस मौके पर तकलेच पंचायत की प्रधान नमिता भारद्वाज, संजय नेगी समेत कई मौजूद रहे।