आनी (कुल्लू)। राजकीय महाविद्यालय आनी के पूर्व छात्र संघ ने शुक्रवार को पूर्व छात्र संघ की स्मारिका एल्युमिनाई बांड 2024-25 का विमोचन किया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. नरेंद्र पॉल ने स्मारिका का विधिवत विमोचन किया। उन्होंने पूर्व छात्र संघ को इस रचनात्मक कार्य के लिए बधाई दी। इस अवसर पर पूर्व छात्र संघ के अध्यक्ष दीवान राजा ने बताया कि एल्युमिनाई बांड 2024-25 पूर्व छात्रों के रचनात्मक कौशल का सुखद परिणाम है। उन्होंने बताया कि इस स्मारिका में पूर्व छात्रों के महाविद्यालय से संबंधित संस्मरण, लेख और अन्य उपलब्धियां प्रकाशित की गई हैं। इसके लिए उन्होंने सभी पूर्व छात्रों का आभार प्रकट करते हुए बधाई दी। दीवान राजा ने कहा कि इस स्मारिका के प्रकाशन से जहां पूर्व छात्रों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच मिला है, वहीं महाविद्यालय एवं पूर्व छात्र संघ के मध्य संबंध भी प्रगाढ़ हुआ है। पूर्व छात्र संघ महाविद्यालय की उन्नति के लिए महाविद्यालय प्रशासन का यथासंभव सहयोग करने के लिए सदैव तत्पर रहता है। स्मारिका के विमोचन अवसर पर पूर्व छात्र संघ के सचिव प्रो. निर्मल सिंह के साथ महाविद्यालय के समस्त शिक्षक एवं गैर शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे।