चौपाल में स्कूली विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगिताओं का आयोजन, छात्रों ने दिखाया उत्साह
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहडू)।
नगर पंचायत चौपाल के तत्वावधान में सोमवार को स्कूली विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। क्षेत्र के कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। ड्रॉइंग, क्विज और निबंध लेखन जैसी प्रतियोगिताएं स्वतंत्रता दिवस और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसे विषयों पर केंद्रित थीं। ड्रॉइंग प्रतियोगिता में आरके पब्लिक स्कूल के कार्तिक ने पहला स्थान प्राप्त किया। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चौपाल के समर दूसरे स्थान पर रहे। आरके पब्लिक स्कूल की कृतिका ने तीसरा स्थान हासिल किया। क्विज प्रतियोगिता में अभिनीत ने प्रथम, आश्विक ने द्वितीय और श्रेयसी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में अक्षिता चौहान ने पहला स्थान हासिल किया। नीतिका सोखटा दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि आरके पब्लिक स्कूल के आदर्श ठाकुर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में नगर पंचायत की उपाध्यक्ष ऊषा शर्मा, पार्षद सत्या मधाईक और संजीव उपस्थित रहे। नगर पंचायत के अधिकारी और कर्मचारी भी इस अवसर पर मौजूद रहे। आरके पब्लिक स्कूल, लिविंग वैल्यू पब्लिक स्कूल और पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चौपाल के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इन प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन राजकीय महाविद्यालय चौपाल की प्राध्यापक डॉ. बबीता, डॉ. नेहा और मिताली ने किया।