हिमाचल प्रदेश विश्व विद्यालय प्रशासन के खिलाफ एबीवीपी के कार्यकर्ता रिकांगपिओ कॉलेज के बाहर धर?
- फोटो : RAMPUR-HP
रिकांगपिओ (किन्नौर)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई रिकांगपिओ ने प्रदेश विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को छात्रों ने रिकांगपिओ कॉलेज में विवि प्रशासन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। छात्रों ने प्राचार्य के माध्यम से विवि के परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन भेजकर परीक्षा परिणामों की दोबारा से जांच करवाने और अनियमितता बरतने वालों पर कार्रवाई करने की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने विवि प्रशासन द्वारा हाल ही में घोषित किए परीक्षा परिणामों पर रोष प्रकट किया। कहा कि बीए प्रथम वर्ष के परीक्षा परिणामों में अनियमितता पाई गई है। यही हाल बीएससी और बीकॉम प्रथम वर्ष के परीक्षा परिणामों में भी पाया गया है। इकाई अध्यक्ष रीतिका ने कहा कि यूजी प्रथम वर्ष के परीक्षा परिणामों में 80 फीसदी छात्र फेल हुए हैं, जिनके परीक्षा परिणामों की दोबारा से जांच कर उनमें सुधार करने के लिए महाविद्यालय के प्राचार्य के माध्यम से परीक्षा नियंत्रक विवि शिमला को ज्ञापन भेजा गया। जिन विद्यार्थियों ने परीक्षा पास की है, उन्हें भी अपेक्षा के अनुसार कम अंक आए हैं। इस मौके पर सूर्या, अजय गुप्ता, आरती, आयुषी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।