रोहड़ू। उपमंडल जुब्बल के झड़ग गांव में 54 साल बाद शांत महायज्ञ होने जा रहा है। इसे लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। क्षेत्र में शांत अनुष्ठान 4 से 6 दिसंबर को तय हुआ है। इस अनुष्ठान में हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना है। यातायात, बिजली, पानी और अन्य तैयारियों को लेकर बुधवार को एसडीएम गुरमीत नेगी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में यातायात, कानून व्यवस्था, पार्किंग, पानी, बिजली और सड़कों का सुचारु रखने को लेकर विभागों को निर्देश जारी किए गए। बैठक में झड़ग, नकराड़ी और मंढोल पंचायत के प्रधान उपस्थित रहे। एसडीएम ने बताया कि इसमें प्रशासन के साथ स्थानीय जनता के सहयोग का विशेष जरूरत रहेगी। बैठक के दौरान एसडीएम ने पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ जरूरी तैयारियों पर चर्चा की। बर्फबारी के दौरान सड़कों, पेयजल, बिजली और इंटरनेट जैसी मूलभूत सुविधाओं का सशक्त और सुदृढ़ करने के लिए कहा गया, जिससे लोगों को कोई असुविधा न हो। बैठक में डीएसपी रोहड़ू प्रणव चौहान, बीडीओ जुब्बल करण सिंह, नायब तहसीलदार जुब्बल सहित सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। संवाद