तकलेच में प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम में अधिकारियों को समस्याएं सुनाते ग्रामीण। स्रोत : जागरू
. तकलेच में प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम, ग्रामीणों ने उठाईं ज्वलंत समस्याएं
. कार्यक्रम में पहुंची 32 शिकायतें, 17 का हुआ इंतकाल, 32 प्रमाणपत्र बनाए
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। उपतहसील तकलेच में मंगलवार को प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम में कई ज्वलंत समस्याएं उठीं। ग्रामीणों ने सड़कों की हालत सुधारने, कूड़े-कचरे की समस्या का समाधान और भालुओं के आतंक से निजात दिलाने की मांग अधिकारियों के समक्ष रखी। अधिकारियों ने समस्याओं के निवारण को लेकर अपना पक्ष रखा। वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तकलेच के सभागार में प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता तकलेच के नायब तहसीलदार अनमोल शर्मा ने की। कार्यक्रम में ग्रामीणों की कुल 32 शिकायतें पहुंचीं। ग्रामीणों ने तकलेच सहित आसपास की पंचायतों की खस्ताहाल सड़कों की समस्या रखी। उन्होंने विभाग से समय रहते सड़कों की हालत में सुधार करने की मांग की। वहीं, क्षेत्र में कई साल से बनी भालुओं की समस्या का मुद्दा भी जोर-शोर से उठा। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में दो साल के भीतर भालू 100 से अधिक मवेशियों को शिकार बना चुके हैं। वन विभाग को भालू की समस्या से निजात दिलाने के लिए अहम कदम उठाने चाहिए। वहीं, तकलेच में लगातार बढ़ती जा रही कचरा प्रबंधन की समस्या के निदान की मांग पंचायत के समक्ष रखी गई। इसके अलावा ग्रामीणों ने आपदा में हुए नुकसान की भरपाई और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों के रिक्त पद भरने की मांग उठाई गई। इसके अलावा बागवानों को दवाएं उपलब्ध न होने, आपदा से बगीचों को हुए नुकसान के मुआवजे सहित अन्य समस्याएं कार्यक्रम में पहुंचीं। कार्यक्रम में 17 इंतकाल हुए और 32 लोगों के विभिन्न प्रमाणपत्र बनाए गए। इस मौके पर पंचायत प्रधान नमीता शर्मा, सहायक अभियंता विद्युत बोर्ड पीएस खोजान, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता गोवर्धन शर्मा, बीओ सुदर्शन कुमार, विक्रांत शर्मा, अरुण जैन, लीला दत्त शर्मा, रूप सिंह, प्रवीन मेहता, गुनीत सहित विभिन्न पंचायतों से आए ग्रामीण और जन प्रतिनिधि मौजूद रहे।
तकलेच में प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम में अधिकारियों को समस्याएं सुनाते ग्रामीण। स्रोत : जागरू