उपतहसील नित्थर की दुराह पंचायत में आयोजित प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम में अपनी समस्याएं बताता
दुराह में प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे ग्रामीण
. ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर हुआ निपटारा
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। उपतहसील नित्थर की दुराह पंचायत में प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बिजली, सड़क और परिवहन सुविधाओं में सुधार की मांग उठाई। विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं के निदान का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में दुराह, सराहर और शिल्ली पंचायत से जुड़ी समस्याओं का निपटारा किया गया। ग्रामीणों ने विद्युत बोर्ड से लोट पंचायत के धवांश के साथ मैदान में बिजली के ट्रांसफार्मर में चारों ओर से कांटेदार तार लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यहां बच्चे खेलते हैं। ट्रांसफार्मर की फेंसिंग न होने से करंट लगने का खतरा बना रहता है। बोर्ड के अधिकारी ने समस्या को जल्द हल करने का आश्वासन दिया। वहीं, कंडा-कतमोर बस का समय बदलने की भी मांग उठी। ग्रामीणों ने कहा कि पहले यह बस सेवा दोपहर 2:30 बजे चलती थी, लेकिन अब यह बस सेवा अपराह्न 3:00 बजे रामपुर से चल रही है। ऐसे में क्षेत्र के दुराह, शारवी, कुटल, कंडा, कतमोर और बांदल की ओर जाने वाले यात्री देर रात घर पहुंचते हैं। उन्होंने निगम प्रबंधन से बस सेवा की समयसारिणी में बदलाव की मांग उठाई। वहीं, दुराह पंचायत के तहत आने वाले शरटी-पढ़ौर गांव को जोड़ने वाली खस्ताहाल सड़क का मुद्दा भी उठा। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से जल्द इसे दुरुस्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि 10 साल से अधिक समय से इसकी हालत बेहद खराब है और इस सड़क पर दुर्घटनाएं भी पेश आ चुकी हैं। क्षेत्र के ग्रामीणों सहित दूध की सप्लाई करने वाले पशु पालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता आनंद शर्मा ने सड़क की हालत जल्द सुधारने की बात कही। कार्यक्रम में नित्थर के नायब तहसीलदार ज्योति प्रकाश चौहान, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता यशपाल, वन विभाग के रेंज अधिकारी सोहन लाल नेगी, जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता प्रकाश भारद्वाज, पुलिस चौकी नित्थर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।