रामपुर बुशहर। पीजी कॉलेज रामपुर की पूर्व एमएससी छात्रा अदिति शर्मा ने सीएसआईआर (वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद) परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-46 हासिल किया है। अदिति की इस उपलब्धि से महाविद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। अदिति शर्मा ने अपनी स्नातकोत्तर शिक्षा इसी महाविद्यालय से पूरी की है। इस शानदार उपलब्धि पर अदिति शर्मा ने अपनी सफलता का विशेष श्रेय अपनी माता बिमला शर्मा, पिता मोती लाल शर्मा, महाविद्यालय के शिक्षकों और लालसा गांव के सभी ग्रामीणों को दिया। उन्होंने कहा कि माता-पिता के निरंतर सहयोग, प्रोत्साहन और विश्वास ने उन्हें अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने गांव लालसा के सभी ग्रामीणों के प्रति भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उनकी सफलता पर हमेशा उनका उत्साहवर्धन और सहयोग किया। अदिति शर्मा ने विशेष रूप से महाविद्यालय के जूलॉजी विभाग की डॉ. आशा गर्ग और डॉ. योजना ठाकुर के मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया। सीएसआईआर में ऑल इंडिया रैंक-46 हासिल करने के बाद अदिति शर्मा ने महाविद्यालय पहुंचकर प्राचार्य डॉ. पंकज बासोतिया और डॉ. राजेश नेगी से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतिया और डॉ. राजेश नेगी ने अदिति शर्मा को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई दी है।