स्पीति के चिदंग में कंपनी के स्टोन क्रशर पर कार्रवाई, बिजली कनेक्शन काटने का भी आदेश
क्रशर को दी गई सहमति हो चुकी थी समाप्त, फिर भी किया जा रहा संचालन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने स्पीति के चिदंग क्षेत्र में संचालित एक कंपनी के स्टोन क्रशर को सील करने का आदेश जारी किया है। बोर्ड ने संबंधित अधिकारियों को क्रशर का संचालन बंद करवाने के साथ बिजली कनेक्शन भी काटने का आदेश दिया है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आदेश के अनुसार, क्षेत्रीय अधिकारी रामपुर की रिपोर्ट में सामने आया कि स्टोन क्रशर बिना अनिवार्य सहमति (कंसेंट) के संचालित किया जा रहा था। क्रशर को दी गई पिछली सहमति की अवधि 31 मार्च को समाप्त हो चुकी थी। इसके बावजूद क्रशर का संचालन जारी रखा गया। इसके अलावा क्रशर में प्रदूषण नियंत्रण के लिए आवश्यक उपकरण भी स्थापित नहीं किए गए थे। बोर्ड की ओर से 14 सितंबर और 30 सितंबर को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे। इनमें प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दिशा-निर्देशों का पालन करने और वैध सहमति के बिना क्रशर का संचालन नहीं करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन संबंधित इकाई ने इन निर्देशों का पालन नहीं किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए बोर्ड ने जल (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम, 1974 और वायु (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम, 1981 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की है। एसडीएम स्पीति स्थित काजा को पुलिस और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी के सहयोग से स्टोन क्रशर सील करवाने का आदेश दिया है। वहीं, विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता को क्रशर की बिजली आपूर्ति और ऊर्जा के अन्य स्रोतों को बंद करवाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है। आदेश में चेतावनी दी गई है कि निर्देशों की अवहेलना करने पर संबंधित इकाई के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रतिदिन 10 हजार रुपये तक अतिरिक्त जुर्माना लगाने का भी प्रावधान बताया गया है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव डॉ. गोपाल चंद गौतम ने यह आदेश जारी किए हैं।