चांदी-सोने के सामान और 10 हजार रुपये की नकदी चोरी करने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। कराना के शीतला माता मंदिर में चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान ठियोग निवासी 35 वर्षीय राजेंद्र उर्फ बिकू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार 5 और 6 अक्तूबर की मध्यरात्रि को अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर से चांदी और सोने की वस्तुओं समेत करीब 10 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली थी। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना ठियोग में 6 अक्तूबर को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 और 331(4) के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। चोरी हुई संपत्ति की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।