शोक संतप्त परिवार को गहरे जख्म दे गया हादसा
परिवार के पालन पोषण की जिम्मेदारी अब पत्नी के कंधों पर
गुलजारी लाल डमालू
डंसा (रामपुर बुशहर)।
रामपुर विकास खंड की दुर्गम पंचायत मुनिश के जोगणी में शुक्रवार तड़के कार हादसे ने एक परिवार को गहरे जख्म दे दिए। वीरवार को नोगली मेले के उपलक्ष्य पर आयोजित खेल प्रतियोगिता में भाग लेने के बाद रात को चार युवा अपनी गाड़ी में अपने गांव मुनिश के लिए रवाना हुए थे। तड़के करीब तीन बजे जोगणी के पास पहुंचे, तो गाड़ी नंबर आल्टो के 10 एचपी 06बी-5765 अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई और गाड़ी सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में चालक पिंकी राम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार अन्य चार लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मुनिश गांव में मातम छा गया। दुर्घटना में पिंकी राम की मौत होने से तीन बेटियों के सिर से पिता साया उठ गया और पत्नी फुरू देवी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पिंकी राम की तीन बेटियां 17 वर्षीय कशिश, 15 वर्षीय किरण और 13 वर्षीय सारिका हैं। मृतक पिंकी राम के पिता का भी कुछ साल पहले निधन हो चुका है। घर में उसकी पत्नी के अलावा बुजुर्ग माता हैं, जो अक्सर अस्वस्थ रहती हैं। ऐसे में अब परिवार के पालन पोषण का जिम्मा पिंकी राम की पत्नी फुरू देवी पर पूर्णतया निर्भर हो गया है। गरीब परिवार से ताल्लुक होने के चलते आजीविका का साधन केवल मात्र कृषि और पशुपालन पर ही निर्भर है। पिंकी राम की उम्र अभी 38 साल थी। खनेरी अस्पताल में पोस्टमार्टम करने के बाद शव दोपहर बाद उनके पैतृक गांव मुनिश पहुंचा। हादसे के बाद पिंकी राम के घर नाते रिश्तेदारों और परिजनों का तांता लगा है।