कोटखाई (रोहड़ू)।
डीएवी महाविद्यालय कोटखाई में नए शैक्षणिक सत्र के तहत नवप्रवेशित विद्यार्थियों के मार्गदर्शन एवं परिचय के उद्देश्य से ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शैक्षणिक समिति के संयोजक डॉ. जोगिंद्र सिंह दुल्टा ने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए की। उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालय के पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद सांस्कृतिक समिति की संयोजक डॉ. कमलेश वर्मा ने महाविद्यालय में पूरे सत्र के दौरान आयोजित होने वाली सांस्कृतिक गतिविधियों और प्रतियोगिताओं की जानकारी साझा की। कॅरिअर काउंसलिंग सेल के संयोजक विनोद गुप्ता ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय पुस्तकालय की सुविधाओं, अध्ययन संसाधनों तथा विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी प्रदान की। वहीं, शारीरिक शिक्षा विभाग के सहायक आचार्य डॉ. विकसित वर्मा ने खेलकूद गतिविधियों, जिम एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रोशन लाल वशिष्ठ ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की विभिन्न समितियों, सुविधाओं एवं छात्र हित से जुड़ी व्यवस्थाओं से अवगत कराया।